रायपुर 05 फरवरी 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ शासन ने दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कल्पना वर्मा को आज तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में गृह (पुलिस) विभाग द्वारा निलंबन आदेश जारी किया गया है।

प्रशासन की ोर से जारी आदेश के मुताबिक प्राप्त शिकायत की प्राथमिक जांच में श्रीमती वर्मा के विरुद्ध गंभीर आरोप सामने आए हैं। जांच में वित्तीय लेनदेन, दिए गए कथनों तथा व्हाट्सएप चैट से जुड़े तथ्यों में विरोधाभास पाया गया है। साथ ही, कर्तव्य निर्वहन के दौरान अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त करने, अपने पद का दुरुपयोग करने एवं अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने के तथ्य उजागर हुए हैं।

गृह विभाग के अनुसार, डीएसपी का यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम-3 के प्रावधानों के विपरीत पाया गया है। उक्त तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए शासन ने उन्हें निलंबित करने का निर्णय लिया है।

निलंबन अवधि के दौरान श्रीमती वर्मा का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। साथ ही, उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित