दंतेवाड़ा , जनवरी 22 -- दंतेवाड़ा प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर यातायात पुलिस और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की संयुक्त टीम ने जिले में यात्री बसों का सघन अभियान चलाकर निरीक्षण किया। अभियान के दौरान बिना परमिट सड़क पर दौड़ रही बस को जब्त किया गया है। कुछ बसेस के मालिकों के खिलाफ नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आर्थिक जुर्माना भी लगाया गया।
इस अभियान के दौरान अधिकारियों ने बसों में लगे अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन खिड़कियों, दरवाजों की कार्यशील स्थिति और अन्य सुरक्षा उपकरणों की गहन जांच की। बस संचालकों को वाहनों की नियमित साफ-सफाई और लंबी दूरी की यात्रा के लिए दो चालकों की अनिवार्य व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की गई। नियमों का पालन न करने वाली तीन बसों के खिलाफ चालान काटकर कुल बीस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, बिना परमिट संचालित एक बस को भी जब्त कर लिया गया।
आरटीओ अधिकारियों ने सभी बस संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यात्री सुरक्षा के मामले में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस तरह के निरीक्षण और कार्रवाई अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित