शिवपुरी , अप्रैल 6 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र के मगरोनी कस्बे में कुश्ती दंगल के दौरान हुए विवाद में पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मगरोनी कस्बे में आयोजित दंगल देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए थे। इस दौरान दीपू गुर्जर उर्फ दीपक और राजकुमार गुर्जर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो बाद में मारपीट में बदल गया।
बताया गया है कि लाठी-डंडों से हुई मारपीट में राजा गुर्जर नामक युवक घायल हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष अपने समर्थकों के साथ नरवर थाना क्षेत्र की मगरोनी पुलिस चौकी पहुंचे, जहां फिर विवाद की स्थिति बनी, जिसे पुलिस ने शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन लेकर मामले की जांच की और बाद में दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित