टिहरी , दिसंबर 25 -- उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिले के लस्यालगांव निवासी अंग्रेज सिंह ने बालगंगा थाने में शिकायत दर्ज करायी कि उसके भाई पूरब सिंह और भाभी अंजली देवी ने उसके साथ मारपीट की जिसमें उसे गंभीर चोट आयी है।

पीडित अंग्रेज सिंह ने मंगलवार को थाना बालगंगा में एक लिखित शिकायत दर्ज करायी है। शिकायत में उनके द्वारा आरोप लगाया गया कि 20 दिसम्बर को उनके भाई पूरब सिंह एवं भाभी अंजली देवी द्वारा उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम द्वारा पीड़ित को समुचित चिकित्सीय उपचार एवं चिकित्सकीय परीक्षण उपलब्ध कराया गया। चिकित्सकीय प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है और संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

टिहरी पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने गुरुवार को बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना बालगंगा में नियमानुसार मामला दर्ज किया गया है। बताया कि घटनास्थल राजस्व क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए उक्त प्रकरण को राजस्व थाना से नियमानुसार नायब तहसीलदार के माध्यम से प्राप्त कर विवेचना की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित