श्रीगंगानगर , अप्रैल 18 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के घमूड़वाली थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक राजेंद्र चारण के निलंबन की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से ग्रामीणों द्वारा किये जा रहे आंदोलन के तहत ग्रामीणों ने घमूड़वाली से पैदल मार्च निकालकर शनिवार को श्रीगंगानगर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आंदोलनकारी शुक्रवार को घमूड़वाली से रवाना हुए थे। आज दोपहर में जिला मुख्यालय पहुंचे जहां प्रदर्शन के दौरान सभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के जिला सचिव वकीलसिंह, अखिल भारतीय किसान सभा के जिला महासचिव रवींद्र तरखान, अखिल भारतीय ग्रामीण एवं खेत मजदूर यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष दुर्गा स्वामी सहित कई वामपंथी नेता शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी राजेंद्र चारण के आचरण पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पिछले 15 दिनों से चल रहे इस आंदोलन के बावजूद पुलिस विभाग के उच्च अधिकारी थाना प्रभारी को बचाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि उनकी शिकायतों की कोई सुनवाई नहीं हो रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित