सहारनपुर , नवंबर 6 -- सहारनपुर की सभी आठ चीनी मिलें इस बार पिछले पेराई सत्र की तुलना में 29 लाख क्विंटल अधिक गन्ना पेराई करेंगी।

गन्ना उपायुक्त ओमप्रकाश सिंह ने गुरुवार को बताया कि समय पर गन्ना मूल्य का भुगतान करने वाली देवबंद चीनी मिल को गन्ना विभाग ने अबकी 346 लाख क्विंटल गन्ना आवंटित किया है। दूसरे स्थान पर गागनौली चीनी मिल है जिसे 175 लाख क्विंटल, शेरमऊ चीनी मिल को 153 लाख क्विंटल, नानौता सहकारी चीनी मिल को 136 लाख 73 हजार क्विंटल गन्ना आवंटित किया गया है। सरसावा सहकारी चीनी मिल को 90 लाख 78 हजार, बिड़वी चीनी मिल को 65 लाख 75 हजार क्विंटल गन्ना आवंटित किया गया है।

सहारनपुर जिले में इस बार गन्ने का क्षेत्रफल बढ़ कर एक लाख 19 हजार 406 हेक्टेयर हो गया है और जनपद की सभी आठों चीनी मिलें 1120 लाख 43 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई करेंगी। जिले में पिछले वर्ष 1 लाख 18 हजार 22 हेक्टेयर रकबे में गन्ने की पैदावार हुई थी। अबकी इसमें 1384 हेक्टेयर की वृद्धि हुई है। अबकी चीनी मिलों के गन्ना खरीद केंद्र भी बढ़ाए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित