अगरतला , दिसंबर 26 -- त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष बिस्वबंधु सेन का शुक्रवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 72 साल के थें। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है।
श्री सेन का निधन बेंगलुरु के एक अस्पताल में हुआ। अगरतला रेलवे स्टेशन पर मस्तिष्क आघात के बाद से उनका 8 अगस्त से इलाज चल रहा था। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।
विधानसभा सचिवालय के अनुसार उनका पार्थिव शरीर शनिवार को त्रिपुरा लाया जाएगा। पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके गृहनगर, उत्तरी त्रिपुरा के धर्मनगर ले जाने से पहले विधानसभा ले जाया जाएगा।
श्री सेन ने 70 के दशक में कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था और कांग्रेस-टीयूजेएस (त्रिपुरा उपजाति जुबा समिति) सरकार के दौरान 1988 में धर्मनगर नगर पंचायत के उपाध्यक्ष बने। वह 2008 और 2013 में कांग्रेस से दो बार विधायक बने। वह 2017 में कई लोगों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए और 2018 और 2023 में धर्मनगर से चुनाव जीते। वह 2018 में उपाध्यक्ष बने और 2023 में भाजपा के दूसरी बार चुनाव जीतने के बाद त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित