अगरतला , दिसंबर 24 -- त्रिपुरा पुलिस ने अगरतला में पैसे और अन्य मांगों को लेकर हुए विवाद के बाद 70 वर्षीय महिला की कथित हत्या के आरोप में उसकी बेटी और दामाद को कल रात गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि पश्चिम अगरतला पुलिस स्टेशन के अंतर्गत पश्चिम बुभानबन की निवासी सुलेखा डे 22 दिसंबर को अपने कमरे में मृत पाई गईं। इस मामले में उनकी बेटी बुल्टी देब और दामाद बिष्णु देब को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि जांच में तब अहम मोड़ आया जब शुरुआती शिकायतकर्ताओं की पहचान मुख्य संदिग्धों के रूप में हुई। दंपत्ति ने पहले दावा किया था कि अज्ञात हमलावर उनके घर में घुस आए और बुजुर्ग महिला पर हमला करने के बाद फरार हो गए।

बाद में उन्हें जीबी पंत अस्पताल ले जाया गया, जहां अंततः चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस को उनके बयानों में काफी विसंगतियां मिलीं। आरोपी पीड़िता के साथ रह रहे थे और किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता के दावे को साबित करने वाला कोई सबूत नहीं मिला।

जांच के दौरान पुलिस ने वित्तीय मामलों को लेकर जारी पारिवारिक विवादों का खुलासा किया। बिष्णु देब कथित तौर पर एक नये स्कूटर की मांग कर रहा था । इसके अलावा 2.5 लाख रुपये की एक सावधि जमा पालिसी भी परिपक्वता के करीब थी, जिसे लेकर भी विवाद हुआ था।

जब बुजुर्ग महिला ने उनकी मांगों का विरोध किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर उन पर हमला किया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित