अगरतला , मार्च 11 -- त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में एक महिला ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष अरूप धर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है।
महिला ने मंगलवार को कैलाशहर महिला पुलिस थाने में अरूप धर पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इससे पहले दो मार्च को महिला के पति ने कथित तौर पर अरूप धर को अपनी पत्नी के साथ पकड़ लिया और बाद में धर ने उसके साथ मारपीट की।
कथित तौर पर शिकायतकर्ता महिला एक साल से ज़्यादा समय से अपने परिवार को छोड़कर दूसरे इलाके में किराए के घर में रह रही है, जहां अरूप नियमित रुप आता था और कभी-कभी रात में रुकता था, लेकिन दो मार्च की घटना के बाद उसने कथित तौर पर महिला से सारे रिश्ते खत्म कर दिए। इससे दुखी होकर महिला कैलाशहर महिला पुलिस थाने गई और अरूप धर पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई ।
महिला ने पुलिस पर भी आरोप लगाया है कि कि वह धर के भाजयुमो के जिला अध्यक्ष होने के कारण उसके खिलाफ औपचारिक रूप से मामला दर्ज करने में हिचकिचा रही है।
पुलिस ने कहा कि शिकायत मिलने और तथ्यों की पुष्टि करने के तुरंत बाद आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है , हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित