अगरतला , फरवरी 08 -- पश्चिम त्रिपुरा की मोहनपुर स्थित एक स्थानीय अदालत ने छह वर्षीय बच्ची के साथ कथित मारपीट के मामले में गिरफ्तार तीन महिलाओं को चार दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बच्ची पर पड़ोसी के घर से 20 रुपये चोरी करने का आरोप लगाया गया था।

पुलिस ने शनिवार को अगरतला हवाईअड्डे के निकट परेश कॉलोनी क्षेत्र में हुई इस घटना के संबंध में तीनों महिलाओं को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान दीपाली बनिक (41), काजली सरकार (50) और मंती बिस्वास (35) के रूप में हुई है।

सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 117(2), 3(5) तथा किशोर न्याय (बालकों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया।बताया गया है कि इस सप्ताह की शुरुआत में बच्ची को शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, उसे कथित रूप से भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी देने के लिए जूट की रस्सी से बांधकर पीटा गया। घटना का वीडियो सामने आने और त्रिपुरा बाल अधिकार संरक्षण आयोग (टीसीपीसीआर) द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित