अगरतला , फरवरी 05 -- त्रिपुरा ग्रामीण आजीविका मिशन (टीआरएलएम) इस महीने के दूसरे सप्ताह में 'विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)' (वीबी-जी राम जी) अधिनियम के तहत एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करेगा जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य में ग्रामीण रोजगार और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देना है।

टीआरएलएम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तड़ित कांति चकमा ने इस आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला और ब्लॉक अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की है।

इस कार्यक्रम के माध्यम से टीआरएलएम कुल 101.67 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करेगा। यह हाल के वर्षों में ग्रामीण क्षेत्र में सबसे बड़े वित्तीय कार्यक्रमों में से एक माना जा रहा है। इन परियोजनाओं में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कर्ज बांटने, ग्रामीण परिवहन और संपर्क को मजबूत करने के लिए 'आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना' के तहत वाहनों की चाबियां सौंपना और जमीनी स्तर के संस्थानों को सशक्त बनाने के लिए 30 करोड़ रुपये जारी करना शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित