अगरतला , मार्च 13 -- त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल ने बजट सत्र शुरू होने से कुछ घंटे पहले गुरुवार रात विधानसभा अध्यक्ष के पद के लिए वरिष्ठ विधायक रामपदा जमातिया के नाम की घोषणा की।

यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के सरकारी आवास पर भाजपा विधायक दल की एक बैठक के दौरान रखा गया। श्री साहा ने विधानसभा कार्यवाही के प्रभावी ढंग से संचालन को लेकर श्री जमातिया पर पूरा भरोसा जताया।

त्रिपुरा विधानसभा का बजट सत्र आज राज्यपाल इंद्रसेना रेड्डी नल्लू के पारंपरिक अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) ने सत्र को 25 मार्च तक चलाने का निर्णय लिया है। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गयी।

संसदीय कार्य मंत्री रतन लाल नाथ ने कहा कि राज्य सरकार विधानसभा में तीन नए विश्वविद्यालय स्थापित करने के लिए तीन विधेयक पेश करेगी, जिसमें त्रिपुरा महिला विश्वविद्यालय, त्रिपुरा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय और त्रिपुरा तकनीकी विश्वविद्यालय शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित