हैदराबाद , फरवरी 11 -- तेलंगाना सरकार ने विकेंद्रीकृत शहरी शासन मजबूत करने के लिए कोर अर्बन रीजन (क्योर) प्रारूप के तहत हैदराबाद इलाके के नागरिक प्रशासन को पुनर्गठित किया है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इस पुनर्गठन को महानगरीय क्षेत्र और शहरी विकास (जीएचएमसी-1) विभाग ने 11 फरवरी को जारी जीओएम संख्या 55 के जरिये औपचारिक रूप दिया है। इसके तहत तीन नगर निगमों वृहद हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी), साइबराबाद नगर निगम और मलकाजगिरी नगर निगम का गठन किया गया है। सुधार का उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाना, सेवा वितरण में सुधार करना और तेजी से बढ़ते महानगरीय क्षेत्र में केंद्रित शासन सुनिश्चित करना है। परिवर्तित ढांचे के तहत जीएचएमसी को छह क्षेत्र, 30 सर्कल और 150 वार्ड के साथ काम करने के लिए फिर से बनाया गया है, जो लगभग 689 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कवर करता है।

उन्होंने कहा कि पुनर्गठन से बेहतर विकेंद्रीकरण को बढ़ावा मिलने, क्षेत्र-स्तरीय प्रशासन को मजबूत करने और अधिक प्रतिक्रियाशील नागरिक सेवाओं को समर्थ करने की उम्मीद है। परिवर्तन की प्रक्रिया की देखरेख और समन्वय के लिए सरकार ने महानगरीय क्षेत्र और शहरी विकास विभाग के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन को तीनों नगर निगमों के विशेष अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। वह जीएचएमसी मुख्यालय से पुनर्गठन प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पुनर्गठन के परिणामस्वरूप श्री आर वी कर्णन ने वृहद हैदराबाद नगर निगम के आयुक्त का पदभार संभाला है। इससे प्रशासनिक निरंतरता और पुनर्गठित शासन ढांचे के प्रभावी कार्यान्वयन की सुनिश्चितता होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित