हैदराबाद , नवंबर 14 -- तेलंगाना में किशोरियों को सशक्त बनाने के लिए एक नयी पहल का शुक्रवार को औपचारिक रूप से शुभारंभ किया गया। महिला एवं बाल कल्याण मंत्री डी.ए. सीताक्का ने प्रजा भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य के पहले "मैत्री समूहों" का उद्घाटन किया।

महिला स्वयं सहायता समूहों की तर्ज पर बनाए गए ये मैत्री समूह 15 से 18 वर्ष की आयु की लड़कियों को जागरूकता, आत्मविश्वास और जीवन कौशल विकसित करने के लिए एक साथ लाएंगे। इस पहल में राज्य भर की 19.13 लाख किशोरियां शामिल हैं।

सीईआरएस की सीईओ दिव्या देवराजन, आयोग की सदस्य गोगुला सरिता और टीजी फूड्स की अध्यक्ष फहीम भी इस समारोह में शामिल हुईं।

अब तक 6,138 मैत्री समूह बनाए जा चुके हैं, जिनमें 65,615 लड़कियां शामिल हैं। सुश्री सीताक्का ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक किशोरी ऐसे समूह का हिस्सा बने।

ये समूह स्वास्थ्य जागरूकता, मानसिक स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, एनीमिया कम करने, उचित पोषण को प्रोत्साहित करने, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन दुर्व्यवहार की रोकथाम, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन और वित्तीय स्वतंत्रता पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित