हैदराबाद , मार्च 19 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को यहां कहा कि राज्य सरकार कृषि को एक लाभदायक पेशा बनाने और किसानों को सभी तरह के कामकाजों का 'बादशाह' बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री रेड्डी ने 'श्री पराभव नाम उगादी' उत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि नया तेलुगू वर्ष किसानों के कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि 'रैतु भरोसा' योजना के तहत 22 मार्च को वित्तीय सहायता किसानों के खातों में जमा कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार इस योजना के तहत अब तक 18,000 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को समर्थन देने के लिए लाभकारी मूल्यों के अलावा बोनस भी दी रही है। उन्होंने याद दिलाया कि सरकार ने दो लाख रुपये तक के कृषि ऋण माफ कर दिये हैं, जिससे किसानों का बोझ कम हुआ है। श्री रेड्डी ने दावा किया कि तेलंगाना में देश में किसानों पर कर्ज का बोझ सबसे कम है, जहां लगभग 70 प्रतिशत परिवार कृषि पर निर्भर हैं।
भूमि संबंधी विवादों पर श्री रेड्डी ने कहा कि 'धरणी पोर्टल' से किसानों को हो रही कठिनाइयों को दूर करने के लिए 'भू भारती' पहल शुरू की गयी है। उन्होंने दोहराया कि उनका लक्ष्य तेलंगाना को एक अग्रणी राज्य के रूप में बनाना है और सरकार प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है।
उगादी के अवसर पर उन्होंने राज्य की शांति, समृद्धि और आपदाओं से सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क, मंत्री जुपल्ली कृष्ण राव, कोंडा सुरेखा, पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ और कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित