हैदराबाद , मार्च 04 -- भारत राष्ट्र समिति के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने बीएलआर चैरिटेबल ट्रस्ट के अंतर्गत चयनित 16 एमबीबीएस छात्रों को चालू वर्ष में उनके शैक्षणिक खर्चों में सहायता प्रदान करने के लिए चेक वितरित किया।

यह पहल उप्पल के विधायक भंडारी लक्ष्मा रेड्डी द्वारा की गई थी, जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करते रहे हैं।

चेक सौंपते हुए श्री रामा राव ने लक्ष्मा रेड्डी को राजनीति से परे जाकर गरीब छात्रों को डॉक्टर बनाने में मदद करने के लिए बधाई दी। उन्होंने विधायक के सेवाभावी दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास हर साल कई योग्य छात्रों के लिए आशा एवं अवसर लेकर आते हैं।

इस अवसर पर श्री लक्ष्मा रेड्डी ने कहा कि बीएलआर चैरिटेबल ट्रस्ट लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता है जिससे आर्थिक तंगी के कारण कोई भी छात्र शिक्षा से वंचित न रह जाए। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि लाभार्थी अपनी चिकित्सा शिक्षा सफलतापूर्वक पूरी करेंगे और भविष्य में समर्पित डॉक्टरों के रूप में समाज की सेवा करेंगे।

16 मेडिकल छात्रों और उनके परिवार के सदस्यों ने पढ़ाई में सहयोग देने के लिए श्री लक्ष्मा रेड्डी और उन्हें प्रोत्साहित करने और उनके करियर में सफलता की कामना करने के लिए श्री रामा राव के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित