हैदराबाद,01 फरवरी (वार्ता) तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा है कि पार्टी राज्य में होने वाले शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में सभी 116 नगरपालिकाओं और सात नगर निगमों में चुनाव लड़ेगी। पार्टी का लक्ष्य मेयर और चेयरमैन पदों पर जीत हासिल करने के साथ-साथ अधिकतम सीटें प्राप्त करना है।

श्री राव ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि पार्टी ने व्यापक विचार-विमर्श और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया के बाद टिकट दिये हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल उन्हीं निर्वाचन क्षेत्रों में बी-फॉर्म जारी किये गये हैं, जहां पार्टी की जीत की मजबूत संभावना है। उन्होंने टिकट न मिलने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं से निराश न होने की अपील करते हुए कहा कि उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह रणनीतिक आधार पर किया गया है।

श्री राव ने अनुशासन पर सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि कोई भी पार्टी कार्यकर्ता यदि निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में या किसी अन्य दल से नामांकन दाखिल करता है, तो इसे पार्टी निर्णय की अवहेलना माना जाएगा। ऐसे उम्मीदवारों को अपने नामांकन वापस लेने की सलाह दी गई है। ऐसा नहीं करने पर पार्टी नियमों के तहत उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित