हैदराबाद , जनवरी 27 -- तेलंगाना राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को राज्य में सात नगर निगमों और 116 नगरपालिकाओं के लिए होने वाले दूसरे नियमित नगर निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी कर दी है।

अधिसूचना के मुताबिक मतदान 11 फरवरी को होगा, जबकि मतगणना 13 फरवरी को होगी।

राज्य निर्वाचन आयुक्त रानी कुमुदिनी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। उम्मीदवार 28 जनवरी से नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं और नामांकन की अंतिम तिथि 30 जनवरी है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 31 जनवरी को वैध नामांकनों की सूची प्रकाशित की जाएगी। उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 3 फरवरी है और उसी दिन अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, इन चुनावों में कुल 52.43 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 26.80 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान 2,996 वार्डों में 8,203 मतदान केंद्रों के माध्यम से कराया जाएगा। चुनाव के लिए 16,031 बैलेट बॉक्स, 137 स्ट्रॉन्ग रूम और 136 मतगणना केंद्र बनाए जा रहे हैं। ये चुनाव राजनीतिक दलों के आधार पर, बैलेट बॉक्स और बैलेट पेपर के जरिए संपन्न कराए जाएंगे।

नगरपालिकाओं के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, तथा नगर निगमों के महापौर और उपमहापौर का चुनाव 16 फरवरी को किया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदाताओं और प्रत्याशियों से आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने और चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने में सहयोग करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित