हैदराबाद , जनवरी 15 -- हैदराबाद पुलिस ने एक वरिष्ठ महिला अधिकारी के खिलाफ कथित रूप से मानहानि वाली सामग्री प्रसारित करने के आरोप में एक तेलुगु समाचार चैनल से जुड़े दो पत्रकारों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस ने गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
उल्लेखनीय है कि 10 जनवरी को हैदराबाद के केंद्रीय अपराध केंद्र (सीसीएस), जांच विभाग ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और महिलाओं के अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कुछ तेलुगु समाचार चैनलों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
इस मामले की जांच के लिए आठ अधिकारियों वाली एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया जिसमें संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था- उत्तरी जोन) एन. श्वेता को प्रभारी नियुक्त किया गया।
जांच के दौरान, सीसीएस टीम ने बुधवार को एनटीवी के वरिष्ठ पत्रकार दासारी सुधीर (39) को मेडचल-मल्काजगिरि जिले के बोडुप्पल स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया।
एक अन्य आरोपी और उसी चैनल में इनपुट एडिटर डोंथू रमेश (52) को बैंकॉक जाने की कोशिश करते समय राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आव्रजन अधिकारियों द्वारा हिरासत में लिया गया और बाद में उसे सीसीएस पुलिस को सौंप दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित