हैदराबाद , मई 11 -- तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) सी. सुदर्शन रेड्डी ने सोमवार को जिला चुनाव तथा मतदाता पंजीकरण अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रस्तावित 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता मैपिंग के काम में तेजी लाएं और इस महीने के अंत तक 90 प्रतिशत काम पूरा करें।

यह निर्देश हैदराबाद में सीईओ कार्यालय से राज्य भर के जिलाधिकारियों और चुनाव अधिकारियों के साथ आयोजित एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान दिए गए।

श्री रेड्डी ने बताया कि चुनाव आयोग जल्द ही इस विशेष अभियान के कार्यक्रम की घोषणा करेगा। उन्होंने मतदाता मैपिंग की प्रक्रिया में आवासीय सोसायटियों, स्वयं सहायता समूहों, राशन दुकानदारों और कर्मचारी संघों को भी शामिल करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) और अन्य चुनाव अधिकारियों को आवासीय सोसाइटियों और झुग्गी-झोपड़ियों वाले इलाकों में जाकर मतदाताओं की मदद के लिए हेल्प डेस्क बनाने को कहा।

सीईओ ने अधिकारियों से कहा कि वे उन मतदाताओं की पहचान करने पर ध्यान दें जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जो दूसरी जगह स्थानांतरित हो गए हैं। इसके साथ ही गलत मैपिंग को तुरंत सुधारने और अपने क्षेत्रों के वीवीआईपी और वीआईपी मतदाताओं की मैपिंग करने के भी निर्देश दिए गए। बीएलओ को कड़ी चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि वे किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के साथ गोपनीय जानकारी या ओटीपी साझा न करें, वरना उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित