हैदराबाद , जनवरी 22 -- तेलंगाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने हनुमाकोंडा जिले के निलंबित अतिरिक्त कलेक्टर (राजस्व) एवं प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) अररामदा वेंकट रेड्डी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है।

एसीबी की गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह मामला तब दर्ज किया गया जब अधिकारी के अपनी सेवा के दौरान भ्रष्टाचार और गलत तरीकों से अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से ज़्यादा संपत्ति अर्जित किए जाने का पता चला। ब्यूरो के अधिकारियों ने बुधवार को आरोपी के घर और उनसे और उनके रिश्तेदारों से जुड़े सात अन्य ठिकानों पर शुरुआती तलाशी ली। तलाशी के दौरान दस्तावेजों से आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों की अचल और चल संपत्तियों के मालिकाना हक का पता चला।

विज्ञप्ति के अनुसार तलाशी में अचल संपत्तियों में दो आवासीय घर (एक विला और एक फ्लैट) जिनकी कीमत 4.65 करोड़ रुपये है। एक वाणिज्यिक दुकान जिसकी कीमत 60 लाख रुपये है, आठ प्लॉट जिनकी कीमत 65 लाख रुपये है, और 14.25 एकड़ कृषि भूमि जिसकी कीमत 50 लाख रुपये है, शामिल हैं का पता चला। इन संपत्तियों का बाज़ार मूल्य आधिकारिक मूल्यांकन से कहीं ज़्यादा होने की उम्मीद है। इसके अलावा चल संपत्तियां भी जब्त की गईं, जिनमें 30,00,300 रुपये नकद, बैंक बैलेंस कुल 44,03,032 रुपये, 11 लाख रुपये के घरेलू सामान, 40 लाख रुपये के तीन चार-पहिया वाहन और 297 ग्राम सोने के गहने जिनकी कीमत 4.35 लाख रुपये है, शामिल हैं। अब तक जब्त की गई संपत्तियों का कुल मूल्य 7,69,38,332 रुपये आंका गया है।

संबंधित मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित