हैदराबाद , दिसंबर 09 -- तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने मंगलवार को जिला समितियों के अध्यक्षों और पार्टी के फ्रंटल एवं सहयोगी संगठनों के अध्यक्ष के साथ बैठक की।

बैठक में श्री गौड़ ने आने वाले चुनावों से पहले पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के मकसद से अहम निर्देश दिये। उन्होंने नवनिर्वाचित जिला समिति अध्यक्षों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने जिलों के वरिष्ठ नेताओं और अन्य पदाधिकारियों से संपर्क करें ताकि सुचारू समन्वय को अंजाम दिया जा सके एवं सामूहिक निर्णय लिये जा सकें।

उन्होंने पार्टी नेताओं से सभी जिलों में चल रहे "वोट चोर" हस्ताक्षर अभियान को तेज़ करने और 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाले "वोट चोर महा धरना" में मज़बूत भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में पार्टी के हर विंग से मज़बूत भागीदारी होनी चाहिये।

श्री गौड़ ने संगठनात्मक तैयारियों पर कहा कि आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों को देखते हुए ज़मीनी स्तर पर कांग्रेस को मज़बूत करने के लिए नये सिरे से कोशिशें करनी होंगी। उन्होंने कहा कि कैडर को एकजुट करने, ज़िला इकाइयों में जोश भरने और पार्टी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने पर ध्यान देना चाहिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित