हैदराबाद , नवंबर 10 -- तेलंगाना के राज्य गान 'जय जयहे तेलंगाना' के रचयिता, प्रसिद्ध कवि एवं लेखक एंडेसरी (श्री अंदे एल्लेया) का सोमवार को निधन हो गया। वह 64 वर्ष के थे।

परिवार के सदस्यों के अनुसार घर पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। इसके बाद उन्हें गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी।

वर्ष 1960 में नलगोंडा ज़िले में जन्मे श्री एंडेसरी तेलंगाना राज्य आंदोलन के दौरान सबसे सशक्त साहित्यिक आवाज़ों में से एक के रूप में उभरे थे। उनका गीत राज्य के संघर्ष के दौरान एक भावनात्मक और सांस्कृतिक प्रतीक बन गया था और बाद में इसे स्थायी रूप से तेलंगाना के राज्य गान के रूप में अपना लिया गया।

श्री एंडेसरी कई पुरस्कारों से सम्मानित हुए थे, जिनमें काकतीय विश्वविद्यालय से मानद डॉक्टरेट की उपाधि भी शामिल है। उन्हें 2006 में फ़िल्म गंगा में उनके काम के लिए नंदी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वहीं, 2014 में, उन्हें अकादमि ऑफ़ यूनिवर्सल ग्लोबल पीस डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2015 में दशरथी साहित्य पुरस्कार और रावुरी भारद्वाज साहित्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित