सरगुजा , अप्रैल 05 -- त्तीसगढ में सरगुजा जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। अंबिकापुर से रामपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रही महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और चालक की जमकर पिटाई कर दी।

मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि ग्राम बिट्टी कला के पास देर शाम यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के कब्जे में फंसे स्कॉर्पियो चालक पारसनाथ राजवाड़े को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।

घटना के संबंध में एसडीएम फागेश सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि तीनों महिलाओं की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश दी, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल किया गया। मृत महिलाएं ग्राम जोगीबांध जिला सरगुजा निवासी थीं।

प्रत्यक्षदर्शी अनिल कुमार राजवाड़े के अनुसार, स्कॉर्पियो की रफ्तार अत्यधिक तेज थी और चालक नियंत्रण खो बैठा। महिलाएं सड़क पार कर रही थीं, तभी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित