मुरैना , मार्च 25 -- मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में आज एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल मुरैना में प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पांच मजदूर दोस्त दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से ग्वालियर से राजस्थान के करौली माता के दर्शन के लिए निकले थे। इनमें से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक जैसे ही आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित छोदा पुल पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में अरुण प्रजापति (22) और शिवम वर्मा (17) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे से आ रहे मृतकों के साथियों ने उनकी पहचान की। पुलिस ने मर्ग कायम कर ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित