मुरैना , मार्च 17 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक अज्ञात तेज रफ्तार कार के चालक ने दो मोटरसाइकिलों में टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

अंबाह थाना क्षेत्र के इस मामले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अंबाह के अस्पताल से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा अंबाह पोरसा मार्ग स्थित ग्राम पाल के ताल के पास कल देर शाम हुआ। एक मोटर साइकिल में तेज रफ्तार कार के चालक ने सामने से टक्कर मार दी और भागने के प्रयास में उसने एक और मोटर साइकिल सवार को रौंद दिया। दोनों मोटर साइकिल के चालकों मनमोहन सखवार और वकील जाटव की मौके पर ही मौत हो गई। दो मोटर साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

अंबाह अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रवि भदौरिया के अनुसार कार की पहचान कर ली गई और चालक को पुलिस शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित