जयपुर , दिसम्बर 01 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने आज की तेज रफ्तार और तनावपूर्ण जीवनशैली में गीता के संदेश को अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए कहा है कि जीवन में चुनौतियां आना स्वाभाविक है लेकिन मनुष्य को साहस और धैर्य से उनका सामना करना चाहिए।
श्री देवनानी ने सोमवार को गीता जयंती पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि गीता का योग, कर्मयोग, ज्ञानयोग और भक्तियोग मनुष्य को मानसिक शांति, आत्मविश्वास और संतुलन प्रदान करते हैं। व्यवसाय, शिक्षा, राजनीति, परिवार हर क्षेत्र में गीता की शिक्षाएं उपयोगी हैं।
उन्होंने कहा कि गीता जयंती आत्मज्ञान और आत्मोत्थान का पर्व है। यह दिन हमें प्रेरित करता है कि हम जीवन में सत्य और कर्तव्य के पथ पर चलें। श्रीमद्भगवद्गीता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना महाभारत के समय था। अपने जीवन को गीता की शिक्षाओं से आलोकित करें और एक श्रेष्ठ मानव बनें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित