जयपुर , अक्टूबर 27 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बिहार चुनाव, तेजस्वी यादव और राजस्थान में अंता उपचुनाव में विपक्ष के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि तेजस्वी यादव अभी युवा हैं, उन्हें देश के संघीय ढांचे की समझ नहीं है। हमारा देश संघीय व्यवस्था से चलता है और जो निर्णय केंद्र सरकार लेती है, उसे हर राज्य को मानना होता है।
श्री राठौड़ ने अपने बयान में कहा कि कोई यह कह दे कि हम किसी केंद्रीय कानून को अपने प्रदेश में लागू नहीं होने देंगे, यह न केवल बचकानी बात है बल्कि संविधान की अवमानना भी है। यह देश एक है और कोई भी प्रदेश इस देश से अलग नहीं है। तेजस्वी यादव और कांग्रेस पार्टी दोनों ही ऐसे बयान देकर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री तेजस्वी की वही भाषा है जो पहले श्री राहुल गांधी बोलते थे और अब तेजस्वी उसी शब्दावली का उपयोग कर रहे हैं लेकिन इससे फर्क नहीं पड़ता। बिहार में भाजपा की सरकार बनने वाली है और भाजपा की नीतियां हर राज्य में समान रूप से लागू होंगी।
उन्होंने चारा घोटाले की चर्चा करते हुए कहा कि यह बात सर्वविदित है कि लालू प्रसाद यादव पर गंभीर आरोप लगे थे। कांग्रेस ने तब उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की थी, मुकदमों को कमजोर करने के प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करती आई है। कभी किसी वर्ग विशेष के लिए, कभी किसी गठबंधन के दबाव में। गठबंधन की राजनीति में कांग्रेस को अपने साथियों की शर्तें माननी पड़ती हैं, वरना गठबंधन टूट जाता है। यही कारण है कि वह नैतिकता से समझौता करती रहती है।
उन्होंने कहा कि देश में यदि एसआईआर सर्वे या मतदाता सूची की समीक्षा हो रही है, तो यह स्वागत योग्य कदम है। जिन लोगों ने गलत तरीके से अपने नाम जुड़वाए हैं, उन्हें ही डर लग रहा है। अगर कोई गलत नाम मतदाता सूची से हटाया जा रहा है तो डरने की जरूरत क्यों । देश का निर्णय देश का नागरिक करेगा। जो ईमानदार हैं, उन्हें डरने की कोई जरूरत नहीं है।
श्री राठौड़ ने कहा कि भाजपा में न तो कोई विद्रोह है, न असंतोष। भाजपा पार्टी एकजुट है। चुनावी तैयारी पूरी है। हमारे उम्मीदवार मोरपाल सुमन और कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में सक्रिय है। भाजपा के वरिष्ठ नेता मैदान में जुटे हुए है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने अंता में भाजपा और कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस का उम्मीदवार खुद जमानत पर है, उसकी पत्नी भी जमानत पर है। उन पर भ्रष्टाचार, गबन के गंभीर आरोप हैं। उनके ही मंत्री ने उन पर भ्रष्टाचार के कई खुलासे किए। उनकी तुलना में भाजपा का उम्मीदवार ईमानदार, कर्मठ और जनता से जुड़ा हुआ है। कांग्रेस कह रही है कि उनके जैसा प्रत्याशी हमारा नहीं है, तो सही कह रही है। कांग्रेस जैसा कलंकित प्रत्याशी भाजपा का नहीं है। जनता अब तुलना कर चुकी है, कांग्रेस के 'कलंकित चेहरे' को कोई समर्थन नहीं देगा। जनता भाजपा के साथ है और भाजपा पूर्ण बहुमत से उपचुनाव में जीत दर्ज करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित