पटना , फरवरी 07 -- बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए शनिवार कहा कि उनके नेतृत्व में राजद कमजोर होती जा रही है और आने वाले दिनों में उनका राजनीतिक भविष्य अंधकारमय है।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि तेजस्वी यादव की राजनीति केवल झूठ, छल, भ्रम और फरेब की नीति पर आधारित है, जबकि बिहार की जनता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सेवा और सुशासन की नीति पर बीते 20 वर्षों से अपना विश्वास प्रकट करती रही है।

श्री कुशवाहा ने तंज कसते हुये कहा कि श्री यादव ने परिवारवादी नीति के तहत राजनीतिक विरासत में पद हासिल किया है, लेकिन तेजस्वी यादव का अब तक का ट्रैक रिकार्ड रहा है कि पढ़ाई से लेकर क्रिकेट तक, जहां भी उन्होंने किस्मत आजमाई, उन्हें विफलता ही हाथ लगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित