बीजापुर , मार्च 06 -- त्तीसगढ में बीजापुर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को एक पत्र लिखकर "तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन 2026" से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगों को उठाया है। विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि तेंदूपत्ता संग्रहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनकी मांगों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
बीजापुर विधायक के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार,विधायक विक्रम मंडावी ने पत्र में उल्लेख किया कि बीजापुर जिला आदिवासी बहुल और अतिसंवेदनशील क्षेत्र है। यहां अंदरूनी इलाकों में रहने वाले अधिकांश आदिवासी परिवारों की आजीविका का मुख्य साधन तेंदूपत्ता संग्रहण ही है। उन्होंने बताया कि इस दुर्गम क्षेत्र के कई संग्रहकों के पास बैंक खाते नहीं हैं और अंदरूनी गांवों से बैंकों की दूरी अत्यधिक होने के कारण उन्हें राशि आहरण में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने तेंदूपत्ता संग्रहकों को उनका पारिश्रमिक नगद भुगतान करने की मांग रखी, ताकि वे बैंकों के चक्कर लगाने से बच सकें।
विधायक मंडावी ने मुख्यमंत्री के समक्ष कुल सात सूत्रीय मांग पत्र रखा है। उनकी प्रमुख मांगों में तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य ठेकेदारी प्रथा से कराना, संग्रहण केंद्र पर ही नगद भुगतान सुनिश्चित करना और वर्तमान 5500 रुपये प्रति मानक की दर को बढ़ाकर 7000 रुपये किया जाना शामिल है। उन्होंने ग्रामीणों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार तत्काल नए तेंदूपत्ता फड़ खोलने की भी मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित