चम्पावत , दिसंबर 09 -- उत्तराखंड के चंपावत जिले के चुयरानी गांव के धरगड़ा तोक में मंगलवार को तेंदुए ने एक ग्रामीण को मौत के घाट उतार दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक देव सिंह सुबह शौच के लिए बाहर निकला था। इसी बीच तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत के साथ ही ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। बताया जा रहा है कि तेंदुए के हमले की एक महीने में दूसरी घटना सामने आई है। यह भी पता चला है कि तेंदुए ने सोमवार रात को भी गांव में एक महिला पर हमले का प्रयास किया लेकिन महिला बच निकली।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार प्रभावित गांव पहुंचे और मृतक परिवार से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की। जिलाधिकारी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में प्रशासन पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
साथ ही जिलाधिारी ने वन विभाग को निर्देशित किया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगायें तथा गश्त बढ़ाई जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित