बड़वानी , मार्च 26 -- मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के वरला वन परिक्षेत्र में बुधवार सुबह तेंदुए के हमले में पांच ग्रामीण घायल हो गए। घटना के दौरान ग्रामीणों से संघर्ष में एक तेंदुए की पेड़ से गिरने के कारण मौत हो गई। वन विभाग ने इसे मानव-वन्यजीव संघर्ष का मामला बताया है।
सेंधवा वन मंडल के डीएफओ आईएस गडरिया के अनुसार घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे वरला वन परिक्षेत्र के कम्पार्टमेंट क्रमांक 497 में जूनापानी गांव के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ ग्रामीण बकरियां चराने जंगल में गए थे, तभी उनका सामना तेंदुए से हो गया।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में दो तेंदुए मौजूद थे। इनमें से एक तेंदुआ सुरक्षित जंगल की ओर चला गया, जबकि दूसरा हमले में शामिल था। तेंदुए ने सबसे पहले जीवन (25) पर हमला किया। उसकी चीख सुनकर उसके पिता नंदा (50) सहित अन्य ग्रामीण उसे बचाने पहुंचे, लेकिन अफरा-तफरी में तेंदुए ने चार अन्य लोगों पर भी हमला कर दिया।
घायलों में नंदा (50), जीवन (25), कल्याण (55), सुरेश (35) और पिंटू (25) शामिल हैं। सभी को पहले वरला के शासकीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, बाद में सेंधवा ले जाया गया, जहां से उन्हें इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया।
डीएफओ ने बताया कि सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लगभग दो वर्ष के नर तेंदुए को गंभीर हालत में पाया। संघर्ष के दौरान घायल तेंदुआ बचने के लिए पेड़ पर चढ़ गया, लेकिन कमजोरी के कारण संतुलन नहीं बना सका और नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम में तेंदुए के पिछले पैर में पुराना गहरा घाव मिला और उसका पेट खाली पाया गया, जिससे संकेत मिलता है कि वह लंबे समय से भूखा-प्यासा था। संभवतः इसी कारण वह शिकार करने में असमर्थ था और उसने ग्रामीणों पर हमला किया।
प्रारंभिक जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि ग्रामीणों ने आत्मरक्षा में ही प्रतिक्रिया दी और उनका तेंदुए को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। क्षेत्र में दूसरे तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी गई है और उसे पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं।
इस बीच सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी ने आशंका जताई कि तेंदुआ पानी की तलाश में गांव के पास आया होगा। उन्होंने वन विभाग से सतर्कता बढ़ाने और दूसरे तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित