बलरामपुर-रामानुजनगंज , अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजनगंज जिले में तेंदुआ खाल की तस्करी के आरोप में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 02 अप्रैल को सबसे पहले दो लोगों को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपी तेंदुआ की खाल बेचने के लिए तस्करी करते गिरफ्तार किए गए थे। बाद में तस्करी के इन दो आरोपियों के बयान के आधार पर 7 लोगों को झारखंड (02), उत्तर प्रदेश (02) और छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। इनमें 5 आरोपी छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के बताए जा रहे हैं।

जिला वन मंडल अधिकारी अशोक बाजपेई ने वार्ता को बताया कि अंतरराज्यीय तस्करों के खिलाफ विभाग को एक बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि तेंदुआ की हत्या कब और कहां की गई, यह विवेचना का हिस्सा है और इसकी गहन जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल सिम और कॉल डिटेल्स के आधार पर उनके नेटवर्क, संपर्क और आवाजाही की जानकारी जुटाई जा रही है। इससे तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

वन विभाग के अनुसार, इस प्रकार के गिरोह में अलग-अलग भूमिकाएं निभाने वाले सदस्य शामिल होते हैं, जिनमें वन्य जीवों का शिकार करने वाले, खाल या अन्य अंगों को सुरक्षित रखने वाले और इन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने वाले शामिल होते हैं। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय हो सकता है और विभिन्न राज्यों में फैला हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित