कोलकाता , मार्च 17 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए 294 में से 291 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिये।

पार्टी ने दार्जिलिंग की दो और कालिम्पोंग की एक सीट सहयोगी भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा को दी है, जो पहाड़ी क्षेत्रों में चुनावी समझौते का संकेत है। पार्टी की ओर से जारी सूची में 52 महिलाएं, 95 अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के तथा 47 अल्पसंख्यक समुदाय के उम्मीदवार शामिल हैं। ममता बनर्जी एक बार फिर भवानीपुर से चुनाव लड़ेंगी, जबकि शशि पांजा को मानिकतला से टिकट दिया गया है।

अभिनेता से राजनेता बने सोहम चक्रवर्ती को चांदीपुर से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि ज्योतिप्रिया मलिक हाबरा से चुनाव लड़ेंगे। कनई मंडल को इस बार टिकट नहीं दिया गया है।

कोलकाता पोर्ट सीट से फिरहाद हाकिम को मैदान में उतारा गया है, जबकि मदन मित्रा को कामरहाटी से दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने कुछ नए चेहरों को भी मौका दिया है, जिनमें खड़दह से पूर्व पत्रकार देवदीप पुरोहित शामिल हैं।

लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी के पुत्र सिरसांया बनर्जी को उत्तरपाड़ा से टिकट दिया गया है, जबकि राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण नंदीग्राम सीट से पवित्र कर को उम्मीदवार बनाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित