कोलकाता/नयी दिल्ली (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत और तृणमूल कांग्रेस की विदाई के साथ चार मई को पार्टी भगवा होली मनायेगी।

श्री नवीन ने आज यहां नबद्वीप जोन बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को "तृणमूल कांग्रेस के भय और भाजपा के भरोसे" के बीच की लड़ाई बताया। उन्होंने दावा किया कि इस बार राज्य में भाजपा की जीत तय है और 04 मई को "भगवा होली" मनाई जाएगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में भय और अराजकता का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को जान-माल, रोजगार और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर डर का सामना करना पड़ रहा है।तृणमूल कांग्रेस सरकार में "कटमनी और वसूली" हर योजना में शामिल है और यही कारण है कि जनता बदलाव चाहती है।

श्री नवीन ने कहा कि उनकी पार्टी भयमुक्त, भ्रष्टाचारमुक्त और विकासयुक्त सरकार देने का भरोसा देती है। उन्होंने मुफ्त इलाज, पक्के घर, बिजली और युवाओं के बेहतर भविष्य का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का "कमल" चिन्ह 'सोनार बंगाल' और 'विकसित बंगाल' का प्रतीक है।

श्री नवीन ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक मजबूत तैयारी करने का मंत्र देते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता खुद को उम्मीदवार मानकर काम करे। उन्होंने जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है और बंगाल भी इसमें अहम भूमिका निभाएगा।

राज्य की आंतरिक सुरक्षा पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि घुसपैठ और सीमा सुरक्षा के मुद्दों पर राज्य सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा बॉर्डर फेंसिंग के लिए जमीन मांगे जाने पर राज्य सरकार सहयोग नहीं करती, जबकि घुसपैठियों को बसाने में तत्पर रहती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित