रामनगर तुमड़िया डेम,08फरवरी(वार्ता) उत्तराखंड के प्रसिद्ध कॉर्बेट लैंडस्केप से एक बार फिर उत्साहजनक खबर सामने आई है। करीब सात वर्षों के लंबे अंतराल के बाद दुर्लभ प्रवासी जलपक्षी कॉमन शेलडक की वापसी दर्ज की गई है। यह महत्वपूर्ण अवलोकन जनवरी 2026 में तराई क्षेत्र के प्रमुख जल स्रोत तुमरिया जलाशय में किया गया, जो हर वर्ष सैकड़ों देशी और विदेशी पक्षियों का सुरक्षित आश्रय स्थल बनता है।
यह पक्षी अवलोकन मैगपाई कॉर्बेट द्वारा आयोजित जलपक्षी निगरानी कार्यक्रम के दौरान सामने आया। टीम ने कॉमन शेलडक को रुडी शेलडक के बड़े झुंड के साथ जलाशय के किनारे भोजन करते और विश्राम करते हुए देखा। इसके विशिष्ट सफेद शरीर, गहरे हरे रंग के चमकदार सिर और लाल चोंच के आधार पर पहचान की पुष्टि की गई। टीम द्वारा इसकी स्पष्ट तस्वीरें भी कैद की गईं, जिससे यह रिकॉर्ड और भी महत्वपूर्ण बन गया।
कॉमन शेलडक एक प्रवासी जलपक्षी है, जो सामान्यतः यूरोप और मध्य एशिया से सर्दियों के मौसम में भारत आता है। कॉर्बेट क्षेत्र में इसके पुराने रिकॉर्ड जरूर मौजूद हैं, लेकिन पिछले कई वर्षों से इसकी उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाई थी। ऐसे में इसकी वापसी को जैव विविधता के लिहाज़ से बेहद सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
इस निगरानी कार्यक्रम के दौरान टीम को अन्य दुर्लभ और खास दृश्य भी देखने को मिले। इनमें शॉर्ट-ईयर्ड आउल (छोटी कान वाला उल्लू) का दिखना और इंडियन स्पॉट-बिल्ड डक का इस मौसम में प्रजनन करते हुए अपने बच्चों के साथ दिखाई देना शामिल है, जो सामान्यतः इस समय बहुत कम दर्ज होता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित