रांची , दिसंबर 03 -- झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने आज झारखण्ड आंदोलनकारियों को प्रमाण-पत्र वितरण के लिए जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया।

राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में आयोजित समारोह में तीन हजार से अधिक अधिसूचित झारखण्ड आंदोलनकारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, राकेश रंजन ने सांकेतिक रूप से विशिष्ट आंदोलनकारियों को प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए राज्य सरकार की ओर से सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

इस मौके पर श्री भजंत्री ने कहा कि प्रत्येक झारखण्ड आंदोलनकारी हमारे राज्य निर्माण की आधारशिला हैं। उनकी भूमिका को सदैव सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन आंदोलनकारियों के सामाजिक सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

श्री भजंत्री ने कहा कि आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान ही झारखण्ड राज्य के निर्माण का आधार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आंदोलनकारी आगे भी जिला एवं राज्य के सर्वांगीण विकास में सकारात्मक भूमिका निभाते रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, नजारत उपसमाहर्त्ता सुदेश कुमार, तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से रांची जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि झारखण्ड आंदोलनकारियों के त्याग और संघर्ष को राज्य सरकार सर्वाेच्च सम्मान देती है तथा उनकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित