लखनऊ , जनवरी 29 -- करीब डेढ़ माह पहले लखनऊ की एक बच्ची की सिर में फंसी गोली को किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के डॉक्टरों ने निकाल कर उसे नया जीवन दिया है। सर्जरी के बाद बच्ची की सेहत में सुधार है और उसे गुरुवार को डिस्चार्ज कर दिया गया है।

गोली लगने के बाद परिजनों ने पहले उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में दिखाया था लेकिन वहां पर डॉक्टरों ने जोखिम न लेते हुए उसे केजीएमयू रेफर कर दिया था।

दरअसल, डेढ़ माह पूर्व इंदिरा नगर बसतौली बी ब्लॉक निवासी तीन साल की मासूम लक्ष्मी घर की तीसरी मंजिल पर बने स्टोर में खेल रही तभी कहीं से फायर हुई गोली उसके सिर में लग गई। गोली लगते ही मासूम गिर पड़ी और परिजन आननफानन उसे लेकर लोहिया पहुंचे। जहां से बच्ची को केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया था।

केजीएमयू के न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉ. अंकुर बजाज ने बताया कि बच्ची को 16 दिसंबर को गोली लगी थी। अगले दिन केजीएमयू पहुंचने पर कराए गए सीटी स्कैन में पता चला कि गोली बाईं फ्रंटल बोन से होते हुए मस्तिष्क के गहरे हिस्से की ओर खिसक चुकी थी। रक्त वाहिकाओं को नुकसान की आशंका को देखते हुए सीटी एंजियोग्राफी कराई गई, जिसमें सामने आया कि गोली मस्तिष्क के ऑक्सिपिटल क्षेत्र तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि यह 'माइग्रेटरी इंट्राक्रेनियल बुलेट' का अत्यंत दुर्लभ मामला था, जो छोटे बच्चों में बहुत कम देखने को मिलता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित