उदयपुर , फरवरी 04 -- राजस्थान में झीलों की नगरी उदयपुर में छह फरवरी से वेदांता उदयपुर 'विश्व संगीत महोत्सव' का आयोजन किया जायेगा, जिसमें देश‑विदेश से आये कलाकार अपनी कला और हुनर से शहर को संगीत की धुनों में रंग देंगे।
हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड एवं सहर संस्थान के सहयोग से होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव के शुरू होने से पहले बुधवार को इसका आधिकारिक पोस्टर जारी किया गया। इसमें वेदांता उदयपुर विश्व संगीत महोत्सव के 10 वर्ष के सफ़र को बेहद ख़ूबसूरती से दिखाया गया है।
सहर संस्थान के निदेशक संजीव भार्गव ने बुधवार को यहां पत्रकारों को बताया कि महोत्सव के इस सत्र में, भारतीय संगीत जगत के मशहूर कलाकारों के साथ‑साथ 11 से अधिक देशों से आये अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी शामिल होंगे। इनमें से कई कलाकार भारत में पहली बार अपनी प्रस्तुति देंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में 20 से ज़्यादा बैंड और 150 से अधिक कलाकार मंच पर उतरकर अपना जादू बिखेरने के लिए तैयार हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित