उदयपुर , मार्च 11 -- राजस्थान में उदयपुर ज़िले में पर्यटन विभाग द्वारा 21 से 23 मार्च तक मेवाड़ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

मेवाड़ महोत्सव की तैयारी एवं आयोजन को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में जिला कलेक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

पर्यटन विभाग की उपनिदेशक शिखा सक्सेना ने बताया कि मेवाड़ महोत्सव के दौरान 21 मार्च को अपराह्न चार से छह बजे तक उदयपुर शहर में विभिन्न समाजों की गणगौर सवारी गणगौर घाट पहुंचेंगी। छह से सात बजे तक बंशी घाट से गणगौर घाट तक शाही गणगौर की सवारी प्रमुख आकर्षण का केन्द्र होगी। वहीं रात को सांस्कृतिक संध्या एवं आतिशबाजी का आयोजन होगा।

उन्होंने 22 मार्च को सायं सात बजे गणगौर घाट पर सांस्कृतिक संध्या एवं विदेशी युगल के लिए राजस्थानी पोशाक प्रतियोगिता का आयोजन होगा। वहीं 21 से 23 मार्च तक गोगुन्दा में ग्रामीण हाट बाजार के साथ सांस्कृतिक संध्या एवं आतिशबाजी का आयोजन होगा। महोत्सव के दौरान विशेष सजावट, आतिशबाजी, सांस्कृतिक संध्या, शाही गणगौर की सवारी, विदेशी युगल प्रतियोगिता, रौशनी व्यवस्था आदि आकर्षण होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित