पटना , मार्च 09 -- आगामी बिहार दिवस के सफल आयोजन को लेकर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ बी राजेंद्र की अध्यक्षता में विभागीय सभागार में बैठक कर 22 से 24 मार्च तक होने वाले तीन दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में अपर मुख्य सचिव डॉ राजेंद्र ने साफ- सफाई, पेयजल और शौचालय व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिये पीएचईडी और नगर निगम को आवश्यक निर्देश दिये, जिससे आने वाले आगंतुकों और मेहमानों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। साथ ही विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुगम ट्रैफिक संचालन के लिये भी सभी जरूरी कदम उठाने तथा यातायात प्रबंधन का मैप तैयार कर उसका व्यापक प्रचार- प्रसार करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने बताया कि बिहार दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, व्यंजन मेला, पुस्तक मेला, लोकनाटक और रंगमंच सहित कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। कार्यक्रम इस वर्ष भी गांधी मैदान, श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल और रविंद्र भवन में आयोजित होंगे।

बैठक में राज्य परियोजना निदेशक नवीन कुमार ने पीपीटी के माध्यम से तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र सिंह राणा, जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित