जयपुर , जनवरी 31 -- श्री कर्ण नरेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय की अधीनस्थ इकाई राजस्थान कृषि अनुसंधान संस्थान दुर्गापुरा में आयोजित तीन दिवसीय चतुर्थ कुलगुरु चल वैजयन्ती खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का शनिवार को समापन हो गया।
प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के तहत कार्यरत विभिन्न अनुसंधान केन्द्रों, महाविद्यालयों एवं कृषि विज्ञान केन्द्रों के अशैक्षणिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समापन समारोह में विश्वविद्यालय के पूर्व निदेशक विस्तार डॉ. संग्राम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे, जबकि समारोह की अध्यक्षता राजस्थान कृषि अनुसंधान संस्थान, दुर्गापुरा के निदेशक डॉ. हरफूल सिंह ने की।
इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों के अनुशासन, खेल भावना एवं उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से कार्यस्थल पर सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण का निर्माण होता है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन एवं आयोजकों को बधाई दी।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए डॉ हरफूल सिंह ने कहा कि इस प्रकार की खेलकूद प्रतियोगिताएं कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आपसी समन्वय, सहयोग एवं सौहार्द को भी बढ़ावा देती हैं।
श्री कर्ण नरेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के वित्त नियंत्रक रामस्वरूप मीना ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं सकारात्मक सोच के विकास का सशक्त साधन भी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ती है तथा वे अधिक ऊर्जा एवं समर्पण के साथ संस्थान के विकास में योगदान दे पाते हैं।
विश्वविद्यालय के अशैक्षणिक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विजय सिंह किशनावत ने कहा कि कुलगुरु चल वैजयन्ती जैसी प्रतियोगिताएं कर्मचारियों के बीच पारस्परिक संवाद, सहयोग एवं संगठनात्मक एकता को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं अपेक्षाओं को भी मंच केमाध्यम से रखा।
खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजक सचिव लोकेन्द्र सिंह ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से कर्मचारियों में सद्भावना, अनुशासन एवं आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है, जो संगठन की कार्यसंस्कृति को और अधिक सशक्त बनाती है।
इस अवसर पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, जोबनेर शाखा के प्रबंधक हेमंत कुमार ने आयोजन में सहयोग प्रदान करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजकों एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। समापन समारोह में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित