जयपुर , अप्रैल 03 -- राजस्थान में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने (एजीटीएफ) ने जोधपुर के बनाड थाना क्षेत्र में घर की छत पर चल रही अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश कर भारी मात्रा में एमडी और घातक रसायन बरामद किये हैं।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश एम एन ने शुक्रवार को बताया कि बरामद ड्रग की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत तीन करोड रुपए आंकी गई हैउन्होंने बताया कि मौके से आरोपी गणपतराम बेनीवाल (40) को गिरफ्तार किया गया है। उसने अपने 12 लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए सांचौर के तस्करों आसुराम उर्फ लक्की और भाणु के साथ सौदा किया था। उसने अपने ही घर बेनीवाल सदन को जहर बनाने की लैब में तब्दील कर दिया था। पूछताछ में बेनीवाल ने बताया कि बरामद रसायनों से 60 किलो और एमडी ड्रग्स तैयार करने की योजना थी।
श्री दिनेश एमएन ने बताया कि राजस्थान एजीटीएफ को लगातर सूचना मिल रही थी कि जोधपुर शहर में ड्रग्स माफियाओं द्वारा भारी मात्रा में ड्रग्स पैडलरों को लगातार एमडी की सप्लाई की जा रही है। इसी क्रम में एजीटीएफ के एएसआई राकेश जाखड़ को मिली गोपनीय सूचना पर एसपी ज्ञानचंद यादव और एएसपी नरोत्तम लाल वर्मा के सुपरविजन में एक विशेष टीम गठित की गई। सूचना पर टीम ने तुरंत जाल बिछाया इसके बाद एजीटीएफ, एटीएस, डीएसटी और बनाड थाना पुलिस ने रात के अंधेरे में सुनसान क्षेत्र में स्थित मकान की घेराबंदी की। जब टीम छत पर पहुंची तो वहां का नजारा दंग करने वाला था। बिजली के बल्ब की रोशनी में गद्दे पर एमडी सुखाई जा रही थी और चारों तरफ रसायनों के ड्रम एवं इलेक्ट्रॉनिक चूल्हे बिखरे पड़े थे।
दल ने मौके से 3055 ग्राम निर्मित एमडी ड्रग, डाइक्लोरोमीथेन, मैक्स फाइन केम, डी-आयोनाइज्ड वाटर और ज्योति हाइड्रोटेक जैसे घातक केमिकल और इलेक्ट्रॉनिक चूल्हा, नौ बाल्टियां, स्टील के बर्तन और ड्रग्स सुखाने के उपकरण इत्यादि जब्त किए है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित