विशाखापट्टनम , फरवरी 08 -- तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव ने रविवार को आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती जगन रेड्डी सरकार ने तिरुमला मंदिर में पवित्र लड्डू प्रसाद के निर्माण के लिए मिलावटी घी की आपूर्ति की अनुमति देकर करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई।
यहां आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने जांच विवरण का हवाला देते हुए कहा कि तिरुमला लड्डू प्रसाद की तैयारी में सिंथेटिक और रासायनिक पदार्थों का उपयोग किया गया, जो हिंदू आस्था के साथ विश्वासघात है।
उन्होंने कहा, "करीब 20 करोड़ लड्डू लगभग 68 लाख किलोग्राम तथाकथित घी से तैयार किए गए। रिपोर्टों के अनुसार शुद्ध डेयरी घी के बजाय पाम ऑयल, रासायनिक मिश्रण और सिंथेटिक यौगिकों का उपयोग कर घी तैयार किया गया, जिसकी आपूर्ति तिरुमला मंदिर को की गई।"श्री राव ने कहा कि प्रतिदिन 70,000 से 80,000 श्रद्धालु तिरुमला पहाड़ी मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि विश्वप्रसिद्ध पवित्र प्रसाद को अपवित्र करना इतिहास में स्थायी कलंक के रूप में दर्ज होगा। उन्होंने इस कथित घी मिलावट घोटाले में शामिल सभी लोगों को कड़ी सजा देने की मांग की।
टीडीपी नेता ने कहा, "तिरुमला लड्डू मिलावट मामला इस बात का जीवंत उदाहरण है कि जब सत्ता में बैठे लोगों को धर्म के प्रति श्रद्धा नहीं होती, तो संस्थाएं कैसे कमजोर हो जाती हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी शासन के पांच वर्षों के दौरान 200 से अधिक हिंदू मंदिरों पर हमले हुए, लेकिन कई मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित