तिरुमला , मार्च 21 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को तिरुमला में अत्याधुनिक फूड और वाटर एनालिसिस प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। यह प्रयोगशाला तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) द्वारा 25 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की गयी है।
देश में मंदिर के पास स्थापित अपनी तरह की पहली प्रयोगशाला मानी जा रही यह सुविधा लाखों श्रद्धालुओं को दिए जाने वाले भोजन और पानी की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बनायी गयी है। मुख्यमंत्री ने लैब में स्थापित 50 से अधिक अत्याधुनिक उपकरणों का निरीक्षण भी किया।
इस दौरान भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के कार्यकारी निदेशक पांडा और केंद्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान (सीएफटीआरआई) के निदेशक गिरिधर ने उन्हें उपकरणों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
करीब 12,000 वर्ग फुट में फैली इस प्रयोगशाला में रासायनिक और सूक्ष्मजीव विश्लेषण के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाये गये हैं। परियोजना को एफएसएसएआई और आंध्र प्रदेश सरकार ने संयुक्त रूप से वित्तपोषित किया है। इसमें 25 करोड़ मुख्य लैब, 3.5 करोड़ ई-टंग और ई-नोज सिस्टम तथा 1.10 करोड़ रुपये बिजली ढांचे पर खर्च किये गये हैं।
प्रयाेगशाला में जीसी/जीसी-एमएस, एचपीएलसी/एलसी-एमएस और एएएस/आईसीपी-एमएस जैसे उन्नत उपकरण लगाये गये हैं, जिनकी मदद से खाद्य पदार्थों में फैटी एसिड, कीटनाशक, मायकोटॉक्सिन, दवाओं के अवशेष और भारी धातुओं की जांच की जा सकेगी। इसके अलावा फाइबर, प्रोटीन और फैट एनालाइज़र, ब्यूटायरो रिफ्रैक्टोमीटर और यूवी विज़ स्पेक्ट्रोफोटोमीटर जैसे उपकरण भी उपलब्ध हैं।
यह प्रयोगशाला श्रीवारी प्रसादम और अन्नप्रसादम में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल के साथ-साथ तैयार उत्पादों जैसे लड्डू की भी जांच करेगी। यहां हर महीने 1,000 से 1,500 नमूनों की जांच की क्षमता होगी।
इस अवसर पर टीटीडी के अध्यक्ष बी.आर. नायडू, कार्यकारी अधिकारी एम. रविचंद्रा, अतिरिक्त ईओ च. वेंकैया चौधरी और कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित