तिरुपति , फरवरी 8 -- श्रीनिवास मंगापुरम में श्री कल्याण वेंकटेश्वर स्वामी का सालाना ब्रह्मोत्सवम रविवार को यहां धार्मिक रीति-रिवाज के साथ शुरू हुआ। सुबह 8.15 बजे से 8.35 बजे के बीच शुभ कुंभ लग्न में पवित्र ध्वजारोहणम समारोह हुआ।
यह समारोह वैखानस आगम परंपराओं के अनुसार पुजारियों के वैदिक मंत्रों, शुभ संगीत वाद्ययंत्रों और भक्तों के लगातार गोविंद नाम के जाप के बीच हुआ।
इससे पहले तिरुचि उत्सवम सुबह 6.30 बजे से 8.15 बजे तक हुआ और बाद में पुजारियों ने विश्वक्सेन आराधना, वास्तु होमम, गरुड़ लिंग होमम, गरुड़ प्रतिष्ठा और रक्षा बंधनम किया।
कंकणाभट्टर बालाजी रंगाचार्युलु ने ध्वजारोहणम किया। इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए टीटीडी के कार्यकारी अधिकारी एम. रविचंद्र ने कहा कि ब्रह्मोत्सवम ध्वजारोहणम के साथ शुरू हुआ और 16 तारीख तक बड़े पैमाने पर मनाया जायेगा।
उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान मंदिर आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए पूरे इंतजाम किये गये हैं। 12 फरवरी को गरुड़ सेवा, 13 फरवरी को स्वर्ण रथोत्सवम, 15 फरवरी को रथोत्सवम और 16 फरवरी को चक्रस्नानम मनाया जायेगा।
गरुड़ सेवा के दिन भक्तों की भारी भीड़ की संभावना के मद्देनजर सुचारू भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित