पटना , मार्च 27 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने शुक्रवार को पार्टी के तिरहुत प्रमंडल के जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों के साथ बैठक की और संगठन की मजबूती से जुड़े मुद्दों पर बात की।
श्री कुमार ने जदयू के बिहार प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत, धारदार एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से आठ जिलों-बगहा, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मुजफ्फरपुर महानगर एवं वैशाली के जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों के साथ गहन विचार-विमर्श किया।
निशांत कुमार ने इस बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों से आह्वान किया कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पिछले 20 वर्षों के विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी उपलब्धियों को घर-घर तक पहुँचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राज्य की जनता ने वर्षों तक उनके पिताजी मुख्यमंत्री श्री कुमार को प्रेम, स्नेह और आशीर्वाद दिया है, वही स्नेह और विश्वास आगे भी बना रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार ने हमेशा पार्टी में सभी को साथ लेकर चलने की परंपरा स्थापित की है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य मुख्यमंत्री श्री कुमार के पदचिह्नों पर चलते हुए पार्टी के समर्पित, वरिष्ठ एवं जमीनी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को आगे बढ़ाना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी पार्टी के कार्य मुख्यमंत्री श्री कुमार के मार्गदर्शन में ही होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित