हरिद्वार, जनवरी 26 -- उत्तराखंड में पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित परेड ग्राउंड में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। तिरंगे की आन-बान-शान और भारत माता के जयकारों से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन, संस्कृति एवं सिंचाई मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल (आईपीएस) ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के उपरांत परेड कमांडर सीओ अभिनव चौधरी के नेतृत्व में भव्य परेड का आयोजन किया गया।

सेरेमोनियल ड्रेस में सुसज्जित नागरिक पुलिस, सशस्त्र पुलिस, पीएसी, यातायात पुलिस, होमगार्ड, पीआरडी सहित विभिन्न पुलिस यूनिटों ने कदमताल और राइफल ड्रिल से दर्शकों का दिल जीत लिया। बैंड की मधुर धुनों के बीच जवानों के मार्च पास्ट को देख मुख्य अतिथि अत्यंत प्रभावित हुए और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए परेड दल को 1 लाख की सम्मान राशि प्रदान की।

गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। सीपीयू, चेतक, इंटरसेप्टर, डॉग स्क्वायड, फायर सर्विस, जल पुलिस, क्यूआरटी सहित महिला सशक्तिकरण, अक्षय ऊर्जा, पर्यटन, स्वास्थ्य, कृषि, आपदा प्रबंधन, समाज कल्याण व खेल विभाग की झांकियों ने जन जागरूकता का संदेश दिया।

इसके पश्चात आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पीएमएस हरिद्वार एवं अन्य विद्यालयों के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं। नन्हे बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मुख्य अतिथि ने बच्चों को मंच पर बुलाकर उत्साहवर्धन भी किया।

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी हरिद्वार सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित