लखनऊ , जनवरी 25 -- आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस सोनी ने कहा कि तिरंगे का वास्तविक सम्मान तभी संभव है, जब देश का संविधान और लोकतंत्र सुरक्षित रहें। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रवाद के नाम पर संविधान को कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं, जिन्हें आम आदमी पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। प्रिंस सोनी गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर लखनऊ में आयोजित तिरंगा पदयात्रा को संबोधित कर रहे थे।

संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के सम्मान में आम आदमी पार्टी लखनऊ इकाई की ओर से भव्य तिरंगा पदयात्रा निकाली गई, जिसका नेतृत्व जिला अध्यक्ष इरम रिजवी ने किया। पदयात्रा छोटा इमामबाड़ा से शुरू होकर रूमी गेट, हुसैनाबाद पहुंची, जहां सामूहिक राष्ट्रगान के साथ इसका शांतिपूर्ण समापन किया गया।

पदयात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लिए कार्यकर्ता "भारत माता की जय" और "संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ" के नारों के साथ आगे बढ़ते नजर आए। देशभक्ति गीतों की गूंज से पूरा इलाका राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा रहा। मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का स्वागत किया।

प्रिंस सोनी ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान गरीब, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और आम नागरिक की ढाल है। जो लोग संविधान बदलने की बात करते हैं, वे वास्तव में जनता के अधिकार छीनना चाहते हैं।

जिला अध्यक्ष इरम रिजवी ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए समाज को बांटने की राजनीति की जा रही है, जिसका आम आदमी पार्टी पुरजोर विरोध करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित