बैतूल , मार्च 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में ताप्ती नदी के उद्गम क्षेत्र स्थित शनि तालाब और ताप्ती सरोवर के बहाव क्षेत्र को लेकर चल रहे विवाद के बीच आज प्रशासन नाले का सीमांकन (नपाई) करेगा।
अधिकारियों ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं तथा बहाव क्षेत्र की सफाई का काम भी कराया जा रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मुलताई में इस सीमांकन से पहले नाले और बहाव क्षेत्र की सफाई कराई जा रही है, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। इसके लिए जेसीबी मशीन की मदद से क्षेत्र में जमा मलबा और अवरोध हटाए जा रहे हैं। सीमांकन के बाद नाले और ताप्ती नदी के प्रवाह क्षेत्र में हुए संभावित अतिक्रमणों को चिन्हित किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मामला तब सामने आया जब मुलताई की ताप्ती विकास प्राधिकरण समिति ने प्रशासन को आवेदन देकर शिकायत की कि वर्ष 1917-18 के अभिलेखों के अनुसार मां ताप्ती नदी के प्रवाह क्षेत्र की भूमि खसरा क्रमांक 242 में दर्ज है, जिसका रकबा 0.58 एकड़ बताया गया है। समिति का आरोप है कि बाद में यह भूमि अन्य व्यक्तियों के नाम पर स्थानांतरित कर दी गई।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि खसरा क्रमांक 560 से भूमि विक्रय के बाद बने छह बंटाकनों में से किस खसरा नंबर और किस भूमिस्वामी के हिस्से से भूमि कम की जानी है, यह स्पष्ट नहीं किया गया है। इसी कारण मामले की विस्तृत जांच की आवश्यकता बताई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित